
पलामू के सदर प्रखंड स्थित चियांकी पहाड़ के पास बसे मुसहर टोला में कड़ाके की ठंड के बीच कंबल वितरण का कार्य किया गया। सदर प्रखंड पदाधिकारी (बीडीओ) जागो महतो और चियांकी मुखिया बिनको उरांव ने स्थानीय मुसहर परिवारों को गर्म कंबल सौंपकर ठंड से राहत प्रदान की। बढ़ती ठंड के कारण इन परिवारों को रात गुजारना मुश्किल हो रहा था, वे अलाव जलाकर ठंड से बचने का प्रयास कर रहे थे। उनकी इस स्थिति को देखते हुए बीडीओ ने व्यक्तिगत रूप से पहुंचकर उनकी समस्याओं को जाना और तत्काल कंबल वितरण की व्यवस्था की।
इस अवसर पर बीडीओ जागो महतो ने कहा कि कंबल वितरण से मुसहर परिवारों को शीत लहर से काफी हद तक राहत मिलेगी। उन्होंने गरीबों की सेवा को सबसे बड़ी सेवा बताते हुए कहा कि जरूरतमंदों की मदद करना एक पुनीत कार्य है और इसमें उन्हें आत्मिक संतुष्टि मिलती है। उन्होंने गरीबों, दलितों और ज़रुरतमंदों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
चियांकी मुखिया बिनको उरांव ने बताया कि स्थानीय मुसहर परिवारों को उनकी ओर से आवास, पेंशन जैसी विभिन्न सरकारी सुविधाओं का लाभ भी दिलाया जा रहा है। उन्होंने आश्वासन दिया कि सरकार की सभी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ इन परिवारों को प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराया जाएगा। जरूरतमंदों की जानकारी लेकर उन्हें सरकारी योजनाओं से जोड़ने का कार्य लगातार जारी है। उन्होंने यह भी कहा कि चियांकी पंचायत में जैसे ही कंबल उपलब्ध होंगे, उनका ज़रूरतमंदों के बीच वितरण सुनिश्चित किया जाएगा।
मुखिया ने चियांकी पंचायत के समग्र विकास के लिए किए जा रहे कार्यों का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि पंचायत में बाजार की स्थापना से स्थानीय व्यापारियों और बेरोजगार युवाओं को रोज़गार के अवसर प्राप्त हुए हैं। उन्होंने बीडीओ द्वारा मुसहरों के बीच कंबल वितरण की इस पहल की खूब सराहना की। इस मौके पर वार्ड सदस्य योगेंद्र मुसहर, चियांकी पंचायत के कर्मचारी कुंदन कुमार सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।





