
बोकारो जिले के गांधीनगर थाना अंतर्गत एक चौंकाने वाला मामला प्रकाश में आया है, जिसमें एक युवती ने अपने साथ पिछले 10 वर्षों से हो रहे शोषण और हाल ही में हुई हत्या की कोशिश की शिकायत दर्ज कराई है। पीड़िता, जो कुरपनिया की रहने वाली है, ने बताया कि अंगवाली निवासी सुनील रविदास ने शादी का झांसा देकर 10 साल तक उसका यौन शोषण किया। यह शोषण तब शुरू हुआ जब पीड़िता अपने ननिहाल में पढ़ाई कर रही थी। पीड़िता का आरोप है कि इस दौरान आरोपी ने चोरी-छिपे उसके अश्लील वीडियो बनाए और जब भी उसने शादी के लिए दबाव बनाया, आरोपी ने उसे वीडियो वायरल करने की धमकी देकर चुप करा दिया।
घटना ने तब और भयानक रूप ले लिया जब आरोपी ने युवती को रास्ते से हटाने के लिए उसे जहर देने की योजना बनाई। 17 अप्रैल को आरोपी उसे रांची ले गया और वहां उसे खाने में जहर दे दिया। तबीयत बिगड़ने पर उसे मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने जहर दिए जाने की पुष्टि की। इसके बाद आरोपी ने युवती का फोन नंबर ब्लॉक कर दिया और 26 अप्रैल को किसी और लड़की से शादी करने की तैयारी में जुट गया। गांधीनगर थाना प्रभारी धनंजय कुमार सिंह ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपी की तलाश के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने आरोपी की होने वाली दुल्हन के परिजनों को भी घटना की जानकारी दी है।
