
गिरिडीह शहर में पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती धूमधाम से मनाई गई। शास्त्री नगर स्थित भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सुरेश साव के आवास पर आयोजित एक कार्यक्रम में भाजपा कार्यकर्ताओं ने अटल जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित किए। इस अवसर पर वक्ताओं ने अटल बिहारी वाजपेयी के व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डाला।
सुरेश साव ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी भारतीय राजनीति के एक ऐसे चमकते सितारे थे जिन्होंने हमेशा राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखा। 25 दिसंबर 1924 को ग्वालियर में जन्मे अटल जी न केवल एक कुशल प्रशासक थे, बल्कि वे एक ओजस्वी वक्ता, संवेदनशील कवि और दूरदर्शी नेता के रूप में भी जाने जाते थे। उनके नेतृत्व में देश ने विकास और सुरक्षा के क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति की।
उन्होंने अटल जी के कार्यकाल की प्रमुख उपलब्धियों को भी याद दिलाया, जिनमें पोखरण परमाणु परीक्षण, स्वर्णिम चतुर्भुज परियोजना, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना और एक संतुलित विदेश नीति का निर्माण शामिल है। अटल जी द्वारा स्थापित सुशासन की अवधारणा आज भी जनसेवा और प्रभावी प्रशासन के लिए एक मार्गदर्शक सिद्धांत बनी हुई है। सुरेश साव ने कहा कि अटल जी ने देश को एक ऐसा गवर्नेंस मॉडल दिया, जिसमें सांस्कृतिक राष्ट्रवाद का समावेश था। उन्हीं के विकसित भारत के सपनों को आज हम साकार करने की दिशा में अग्रसर हैं।
