पलामू जिले के पांकी और पाटन प्रखंड क्षेत्रों में आकाशीय बिजली गिरने से चार लोगों की दुखद मृत्यु हो गई, जिनमें एक ही परिवार के तीन सदस्य शामिल थे। पांकी में तीन महिलाओं की जान चली गई, जबकि पाटन में एक युवक की मौत हो गई। इन घटनाओं के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
पांकी प्रखंड के केकरगढ़ पंचायत के जोल्हबिघा गांव में बुधवार शाम को खेत में धान की रोपनी करते समय आकाशीय बिजली गिरने से एक ही परिवार की तीन महिलाओं की मौत हो गई। मरने वालों में ओकीदा खातून (34), रेशमी बीवी (35) और राजवी बीवी (40) शामिल हैं। राजवी बीबी अपने मायके जोल्हबिघा में धान रोपनी करने आई थी।
वहीं, पाटन थाना क्षेत्र के नावाडीह भुड़वा गांव में आकाशीय बिजली की चपेट में आने से युवक निरंजन मेहता (32) की मौके पर ही मृत्यु हो गई। यह घटना तब हुई जब वह खेत में धान का बिचड़ा ले जा रहे थे। निरंजन के दो छोटे बच्चे हैं, जिनमें एक बेटी मात्र डेढ़ वर्ष की है। इस दर्दनाक हादसे से गांव में मातम पसर गया है।
तरहसी प्रखंड की पाठकपगार पंचायत के पूर्वी पंचायत समिति सदस्य (सरपंच) विनायक साव की पत्नी पुष्पा देवी आकाशीय बिजली गिरने के दौरान बाल-बाल बच गईं। उनकी चार बकरियां बिजली की चपेट में आकर मर गईं। यह घटना महुआ के पेड़ के नीचे हुई। बारिश से बचने के लिए बकरियां पेड़ के नीचे खड़ी थीं। पुष्पा भी वहीं थी, लेकिन घटना से कुछ समय पहले वह घर चली गई थी। अचानक पेड़ पर आकाशीय बिजली गिरी, जिससे बकरियों की मौत हो गई। बकरियों की मौत से 80 हजार रुपये का नुकसान हुआ।