रांची। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने झारखंड के कई जिलों के लिए 21 मार्च को येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान राज्य में तेज आंधियां, गरज-चमक के साथ बारिश और वज्रपात की पूरी संभावना है। हवा की गति 40 से 50 किलोमीटर प्रतिघंटा तक हो सकती है।

पिछले चार-पांच दिनों से मौसम ने करवट ली हुई है। लगातार बादल, बारिश और हवाओं ने तासीर बदल दी। राजधानी रांची में हाल ही में हल्की फुहारें और गरज हुईं, तो कहीं-कहीं ओले भी गिरे। इससे तापमान की तेजी रुकी और लोगों को गर्मी से छुट्टी मिली।
विभाग के अनुसार, 22 मार्च से मौसम करवट लेगा। धूप निकलेगी और तापमान में उछाल आएगा, जिससे गर्मी का प्रकोप बढ़ सकता है।
पिछले 24 घंटों में डाल्टनगंज में 38.2 डिग्री अधिकतम और खूंटी में 16.5 डिग्री न्यूनतम रहा। रांची में 34.3/19.1, जमशेदपुर 36/21.6, बोकारो 31.5/19.1, चाईबासा 36.4/21.4 डिग्री दर्ज। शुक्रवार को रांची में सुबह साफ, दोपहर बाद बादल छाए।
सलाह है- खुले में न रहें, पेड़ों तले खड़े न हों, बिजली चमकने पर घर में शरण लें। अनावश्यक यात्रा न करें, सावधानी बरतें।
