
रांची। झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) द्वारा आयोजित मैट्रिक और इंटरमीडिएट की वार्षिक परीक्षाएं मंगलवार से पूरे राज्य में प्रारंभ हो गईं। इसमें कुल 7,58,182 छात्र-छात्राएं भाग ले रही हैं, जिनमें मैट्रिक के 4,23,861 और इंटर के 3,34,321 परीक्षार्थी शामिल हैं। परीक्षाओं के लिए मैट्रिक हेतु 1232 और इंटर के लिए 757 केंद्र स्थापित किए गए हैं।
पहले दिन मैट्रिक में आईटी व वोकेशनल विषयों पर परीक्षा हुई, जबकि इंटरमीडिएट के तीनों संकायों में केवल वोकेशनल पेपर लिए गए। मैट्रिक परीक्षा 17 फरवरी तक और इंटर 23 फरवरी तक चलेगी। परीक्षाएं दो पालियों में हो रही हैं- सुबह 9:45 से दोपहर 12:35 तक मैट्रिक और दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 तक इंटर। प्रश्नपत्र पढ़ने के लिए अतिरिक्त 15 मिनट का समय भी प्रदान किया जा रहा है।
सभी केंद्रों पर सीसीटीवी से निगरानी सुनिश्चित की गई है ताकि कदाचार पर अंकुश रहे। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने छात्रों, अभिभावकों, शिक्षकों व आमजन से सुचारू संचालन में सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि सरकार शिक्षा गुणवत्ता व मानव संसाधन विकास के लिए कदाचाररहित परीक्षा प्रतिबद्ध है।
जैक ने सोशल मीडिया पर फर्जी प्रश्नपत्र वायरल करने की सख्त चेतावनी दी है। यूट्यूब, व्हाटएप, टेलीग्राम आदि पर ऐसा करना गंभीर अपराध है, जिसमें आईटी एक्ट व दंड संहिता के तहत कार्रवाई होगी। दोषियों के चैनल बंद कराए जाएंगे और नाम सार्वजनिक होंगे।
लोगों से परीक्षा केंद्रों के आसपास शांति बनाए रखने, संदिग्ध गतिविधि की सूचना देने और केवल आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करने को कहा गया है। छात्रों की मदद के लिए टोल-फ्री नंबर भी जारी किया गया है। यह परीक्षा झारखंड शिक्षा व्यवस्था की मजबूती का प्रमाण बनेगी।