
झारखंड के जामताड़ा जिले में रविवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना ने इलाके को दहशत में डाल दिया। नारायणपुर थाना क्षेत्र के धर्मपुर मोड़ पर अज्ञात बदमाशों ने 40 वर्षीय ड्राइवर फुरकान अंसारी की ताबड़तोड़ गोलीबारी से हत्या कर दी।
फुरकान धर्मपुर गांव के निवासी थे और रोजाना की तरह सुबह नौ बजे नाश्ता करने दुकान पर पहुंचे थे। तभी अपाचे बाइक पर सवार तीन नकाबपोश अपराधी आए और उनके मुंह पर गोली मार दी। दहशत फैलाने को हवा में भी फायरिंग की गई और फरार हो गए।
घायल फुरकान को ग्रामीणों ने सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मौके से तीन खोखे बरामद किए और शव पोस्टमॉर्टम को भेजा। आसपास के इलाकों में छापेमारी तेज हो गई है।
परिजन और ग्रामीणों में गुस्सा भरा है। पुलिस पर लापरवाही के आरोप लगे। हत्या के पीछे आपसी रंजिश की आशंका है, लेकिन सभी पहलुओं की जांच चल रही है। यह घटना जामताड़ा में अपराधियों के हौसले बुलंद होने का संकेत देती है।