
झारखंड के जमशेदपुर में फल व्यापारी कन्हैया यादव की निर्मम हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। दो प्रमुख आरोपी सुमित सिंह और गुरुप्रीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया। इनकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त पिस्टल भी बरामद हो गई।
11 फरवरी को गोलमुरी थाना के निकट हमलावरों ने कन्हैया पर करीब से ताबड़तोड़ गोलीबारी की। पोस्टमार्टम में सिर में दो, पेट में एक और पैर में एक गोली लगने की पुष्टि हुई। गंभीर रूप से जख्मी कन्हैया की मौके पर मौत हो गई। उनके साथी रंजीत शर्मा उर्फ काली फायरिंग होते ही डीएसपी कार्यालय में घुस गए, जिससे उनकी जान बची।
मृतक की पत्नी कुसुम देवी के बयान पर गोलमुरी थाने में प्रदीप पाठक उर्फ बिल्ला, गोलू पाठक, सुमित सिंह, अनुराग मिश्रा और एक अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई। हत्या के बाद इलाके में तनाव फैल गया। बुधवार रात ग्रामीणों ने थाने का घेराव किया। गुरुवार सुबह टिनप्लेट चौक जाम कर यातायात ठप कर दिया।
पकड़े गए आरोपियों से कड़ी पूछताछ चल रही है। शेष फरारों की धरपकड़ के लिए टीमें छापे मार रही हैं। पुलिस का दावा है कि सारे आरोपी जल्द ही पकड़े जाएंगे। यह सफलता स्थानीय लोगों में राहत लेकर आई है।