
नई दिल्ली। खाड़ी क्षेत्र में तेजी से बिगड़ते हालात पर भारत ने गहरी चिंता जताई है। विदेश मंत्रालय ने सभी पक्षों से संयम बरतने, बातचीत और कूटनीति का मार्ग अपनाने की अपील की है। प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया कि 28 फरवरी 2026 को संघर्ष शुरू होने पर ही हमने अपनी चिंता व्यक्त की थी।
रमजान के पवित्र महीने में स्थिति और गंभीर हो गई है। हिंसा की तीव्रता बढ़ी है और यह अन्य देशों तक फैल गई। विनाश और मौतें बढ़ रही हैं, जबकि व्यापार व दैनिक जीवन ठप है। भारत के लिए यह क्षेत्र महत्वपूर्ण है क्योंकि यहां करीब एक करोड़ भारतीय रहते हैं।
उनकी सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है। व्यापारिक जहाजों पर हमलों से कुछ भारतीयों की जान गई या वे लापता हैं। हम इन हमलों का कड़ा विरोध करते हैं। भारत कूटनीति पर जोर देता है और संघर्ष समाप्ति की मांग करता है। निर्दोषों की मौत पर शोक है।
प्रभावित देशों में दूतावास भारतीय समुदाय के संपर्क में हैं। सलाह जारी कर सहायता दे रहे हैं। शीर्ष नेतृत्व क्षेत्रीय सरकारों से बातचीत कर रहा है। सरकार स्थिति पर नजर रखेगी और आवश्यक कदम उठाएगी।