
मुंबई के सर एच.एन. रिलायंस फाउंडेशन अस्पताल के ‘इलुमिनेट 3.0’ ऑन्कोलॉजी लीडरशिप टाउनहॉल में टीवी स्टार हिना खान ने अपनी कैंसर जर्नी साझा की। कैंसर सर्वाइवर ने जोर देकर कहा कि समय पर जांच से इस बीमारी पर काबू पाया जा सकता है, मौत का पैगाम नहीं है ये।
हिना ने पति रॉकी और परिवार के सहयोग की सराहना की। ‘मैं खुद को सौभाग्यशाली मानती हूं यहां पहुंचने पर। डॉक्टरों की मदद, परिवार का प्यार और रॉकी की हिम्मत ने मुझे स्वस्थ किया। शादी के बाद भी हमारा रिश्ता वही पुराना है, उनकी देखभाल में कोई फर्क नहीं।’
अपनी लंबी रिकवरी पर बात करते हुए हिना ने कहा, ‘हर किसी के लिए एक ही तरीका काम नहीं करता, क्योंकि शरीर अलग-अलग होते हैं। मेरा संदेश है- आज में जियो। हर हाल में खुश रहो, क्यूंकि कल का भरोसा नहीं। स्वस्थ लोग भी अचानक बीमार पड़ रहे हैं, इसलिए हर लम्हे को जी भरकर जियो।’
हिना ने अपनी आजादी दिखाई। ‘मैं आइसलैंड घूमने गई, बर्फीले पानी में नहाई, दुनिया घूमी। जो मन करे खाती हूं, जहां जी चाहे जाती हूं। मैंने कभी खुद को बीमार महसूस नहीं किया, न डॉक्टरों ने ऐसा होने दिया।’ उनका संदेश सबको प्रेरित करने वाला था।