
चेन्नई। बंगाल की खाड़ी में विकसित हो रहे कम दबाव के क्षेत्र ने तमिलनाडु में भारी बारिश की आशंका पैदा कर दी है। क्षेत्रीय मौसम केंद्र ने चेतावनी जारी की है कि 21 फरवरी को राज्य के कम से कम 10 जिलों में तेज वर्षा दर्ज की जा सकती है। पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी और आसपास के पूर्वी हिंद महासागर में बना यह सिस्टम तेजी से मजबूत हो रहा है।
18 फरवरी तक पूरे तमिलनाडु में शुष्क मौसम का राज कायम रहेगा। 19 फरवरी से दक्षिणी तटीय जिलों और डेल्टा क्षेत्र में हल्की से मध्यम बारिश शुरू हो सकती है। 20 फरवरी को सिस्टम और सक्रिय हो जाएगा, जिससे राज्य भर और पुडुचेरी में मध्यम वर्षा का अनुमान है।
21 फरवरी को डेल्टा के मायिलादुथुरै, नागपट्टिनम, तिरुवारुर, तंजावुर व पुडुकोट्टई में भारी बारिश संभावित है। दक्षिणी जिलों रामनाथपुरम, थूथुकुडी, तिरुनेलवेली, कन्याकुमारी तथा तेनकासी में एक-दो जगहों पर जोरदार बारिश हो सकती है। 22 फरवरी को तेनकासी, तिरुनेलवेली व कन्याकुमारी में गरज-चमक संग भारी वर्षा का पूर्वानुमान है।
मछुआरों को दक्षिणी तटों पर समुद्र में न उतरने की सलाह दी गई है, क्योंकि लहरें उफान पर रहेंगी। निचले इलाकों और बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के निवासियों से सतर्कता बरतने व प्रशासन के आदेशों का पालन करने को कहा गया है। मौसम अधिकारी हालात पर नजर रखे हुए हैं।