
कर्नाटक के हासन जिले से नए साल के पहले ही दिन एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर ने सबको स्तब्ध कर दिया। हासन के अरसिकेरे तालुक के बनावरा होबली में नेशनल हाईवे-69 पर चक्करहल्ली गोशाला के पास गुरुवार को एक तेज रफ्तार बोलेरो का टायर फट गया। इससे वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया, जिसमें तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए।
मृतकों में शब्बीर (55), तिम्मन्ना (53) और संजय (45) शामिल हैं, जो चिक्कमगलुरु जिले के कडूर तालुक के तांगली गांव के निवासी थे। वे ताजी सुपारी से लदी बोलेरो में सवार थे। हादसे में हासन निवासी नौशाद को गंभीर चोटें आईं, जिन्हें स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से कडूर अस्पताल ले जाया गया। जहां उनका इलाज जारी है। दो अन्य यात्रियों को मामूली चोटें आईं, जिनका प्राथमिक उपचार कर दिया गया।
हादसे की जानकारी मिलते ही बनावरा पुलिस स्टेशन की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया, क्षतिग्रस्त बोलेरो को हटवाया और यातायात बहाल किया। प्रारंभिक जांच में टायर फटना हादसे का मुख्य कारण पाया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर विस्तृत जांच शुरू कर दी है। इस सड़क दुर्घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता की आवश्यकता है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों।