
चंडीगढ़। हरियाणा के मंत्री रणबीर सिंह गंगवा ने कांग्रेस की खराब स्थिति के पीछे पारिवारिक राजनीति को मुख्य जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने कहा कि यह पार्टी अब पूरी तरह से परिवारवादी संगठन बन चुकी है, जिसके चलते इसकी राजनीतिक हैसियत खत्म हो गई है।
मंत्री ने जोर देकर कहा कि अगर कांग्रेस अपनी खोई हुई जमीन वापस पाना चाहती है, तो उसे लोकतांत्रिक मूल्यों को अपनाना होगा। जब तक ऐसा नहीं होता, राजनीतिक लाभ की कोई गुंजाइश नहीं है। पार्टी को आत्ममंथन कर अपनी कमियों को दूर करने चाहिए, वरना हालात और बिगड़ेंगे।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष चुनाव पर कांग्रेस के सवालों को गंगवा ने सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा में सभी चुनाव बूथ से राष्ट्रीय स्तर तक पूरी तरह लोकतांत्रिक तरीके से होते हैं। किसी भी स्तर पर इसमें कोई चूक बर्दाश्त नहीं की जाती।
हरियाणा में कांग्रेस गुटबाजी की शिकार है। संगठन में तालमेल की कमी से जनता का भरोसा उठ चुका है। इसे वापस हासिल करने के लिए जमीनी स्तर पर कठिन परिश्रम जरूरी है, लेकिन वर्तमान अव्यवस्था में यह संभव नहीं लगता।
वहीं, भाजपा को जनता की सच्ची पार्टी बताते हुए गंगवा ने कहा कि यह जनहित को सर्वोपरि रखती है। ‘सबका साथ, सबका विकास’ के सिद्धांत पर चलते हुए अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाने का काम जारी है। बजट भी जनकल्याण पर केंद्रित होगा।