
लखनऊ में मंगलवार को उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान में मरीज तीमारदारों के लिए पेशेंट रिलेटिव अकोमोडेशन (पीआरए) भवन का शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने रेडियोलॉजी डायग्नोस्टिक ब्लॉक में अत्याधुनिक सीटी स्कैन, अल्ट्रासाउंड और एक्स-रे मशीनों का उद्घाटन भी किया।
नई सुविधाओं का अवलोकन करते हुए राज्यपाल ने उनकी कार्यप्रणाली की बारीक जानकारी ली। उन्होंने कहा कि यह पीआरए भवन दूरस्थ इलाकों से आने वाले मरीजों के परिजनों के लिए वरदान साबित होगा। गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों को प्राथमिकता देने के लिए पारदर्शी नियम बनाने के निर्देश दिए।
स्वच्छता पर जोर देते हुए उन्होंने कक्षों को पूर्ववत साफ-सुथरा छोड़ने और अस्पताल में बाहरी खाने की सख्त मनाही के आदेश दिए। निर्धारित भोजन व्यवस्था का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा। राज्यपाल ने गर्भवती महिलाओं के लिए ‘गर्भ संस्कार’ केंद्र खोलने का सुझाव दिया, ताकि मां का आहार-व्यवहार शिशु के विकास को सकारात्मक प्रभावित करे।
होली की बधाई देते हुए रासायनिक रंगों से बचने और प्राकृतिक रंग अपनाने की अपील की। संस्थान निदेशक प्रो. सीएम सिंह ने गुड़ भेंट किया। उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने इसे स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने वाला कदम बताया और संस्थान की उपलब्धियों की सराहना की।