
मनोज बाजपेयी की आगामी फिल्म ‘घूसखोर पंडत’ विवादों के घेरे में फंसती जा रही है। सुप्रीम कोर्ट के टाइटल बदलने के आदेश के बाद अब जबलपुर जिला न्यायालय में भी इसके खिलाफ शिकायत दर्ज हो गई है।
शिकायतकर्ता स्क्रिप्ट राइटर, कलाकार और ज्योतिषी पंडित वैभव पाठक ने फिल्म के शीर्षक को ब्राह्मण समाज के लिए अपमानजनक और मानहानिकारक करार दिया है। शिकायत में निर्माता नीरज पांडे, नेटफ्लिक्स के सीईओ रीड हेस्टिंग्स सहित अन्य को आरोपी बनाया गया है।
मामले की सुनवाई 20 फरवरी को प्रथम श्रेणी न्यायिक दंडाधिकारी की अदालत में होगी, जहां बयान दर्ज किए जाएंगे। कोर्ट की कार्रवाई जारी है और अगली तारीख पर स्थिति साफ होगी।
गौरतलब है कि 12 फरवरी को सुप्रीम कोर्ट ने फिल्म मेकर्स को फटकार लगाई थी। अदालत ने कहा कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का अर्थ किसी समुदाय को निशाना बनाना नहीं है। ‘पंडत’ शब्द के इस्तेमाल पर सवाल उठाते हुए कोर्ट ने हलफनामा दाखिल करने और टाइटल बदलने का निर्देश दिया।
मेकर्स ने सोशल मीडिया से सारी प्रचार सामग्री हटा ली है। नया टाइटल घोषित न होने पर भी फिल्म नई कानूनी उलझन में है। क्या मेकर्स नया नाम लेकर लौटेंगे या फिल्म रद्द हो जाएगी, यह आने वाले दिनों में स्पष्ट होगा।