
झारखंड के गढ़वा जिले में भंडरिया थाना क्षेत्र के भीड़भाड़ वाले बिजका बाजार में हुई सनसनीखेज हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। दीपक चौधरी नामक सब्जी विक्रेता की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या के मामले में विजय सिंह, जेठू सिंह और सरजू चौधरी को गिरफ्तार किया गया। अपराध में इस्तेमाल बंदूक और दो मोटरसाइकिलें भी जब्त कर ली गईं।
घटना 25 फरवरी की शाम साढ़े छह बजे घटी। फकीराडीह गांव निवासी दीपक बाजार में सब्जी बेच रहे थे कि अचानक एक हमलावर ने उन पर तीन राउंड फायरिंग कर दी। गोलियों से छलनी होकर वे जमीन पर लुड़क गए। बाजार में अफरा-तफरी मच गई और लोग भागने लगे।
परिजनों और ग्रामीणों ने घायल दीपक को मेदिनीनगर के एमएमसीएच अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस वारदात ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी।
एसपी गढ़वा के आदेश पर रंका अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। तकनीकी निगरानी और मुखबिरों की सूचना के दम पर तीनों आरोपी धर दबोचे गए। पूछताछ में जमीन विवाद सामने आया, जिसमें सरजू चौधरी मुख्य साजिशकर्ता निकला।
उसने पुरानी रंजिश के चलते विजय और जेठू को हत्यारे बनाया। सभी के खिलाफ हत्या और आर्म्स एक्ट की धाराओं में केस दर्ज है। पुलिस का यह सफल ऑपरेशन स्थानीय लोगों में भरोसा जगाने वाला है।