
देहरादून। पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के तहत देहरादून में आयोजित भाजपा की महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि भाजपा सत्ता हासिल करने का जरिया नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का मजबूत माध्यम है।
बैठक में प्रदेश भर से आए कार्यकर्ता, पदाधिकारी और वरिष्ठ नेता शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने पत्रकारों से चर्चा में बताया कि पूरे राज्य में बूथ से लेकर प्रदेश स्तर तक सभी ने प्रशिक्षण लिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हो रहे अभूतपूर्व विकास कार्यों के बीच पार्टी की कार्यप्रणाली पर विस्तृत विचार-विमर्श हुआ।
धामी ने कहा कि इन कार्यशालाओं का विस्तार अब जिलों और मंडलों तक होगा। अनुभवी संगठनकर्ता कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित करेंगे ताकि वे समाज सेवा में और प्रभावी ढंग से योगदान दें।
चारधाम यात्रा की तैयारियों पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि यह हमारी जीवनरेखा है। 2025 यात्रा समाप्त होते ही 2026 की योजना शुरू हो गई। कपाट खुलने की तारीखें नजदीक हैं, इसलिए लगातार बैठकें हो रही हैं। सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सभी पक्षों के साथ मिलकर यात्रा को ऐतिहासिक बनाने का प्रयास है।
एक्स पर पोस्ट में धामी ने लिखा, “भाजपा कार्यकर्ता आधारित संगठन है जहां राजनीति राष्ट्र निर्माण का संकल्प है। मोदी जी के नेतृत्व में सेवा, सुशासन और अंत्योदय के जरिए विकसित भारत की ओर अग्रसर हैं।” बैठक में संगठन महामंत्री अजेय कुमार भी मौजूद रहे।