
दक्षिण-पश्चिम जिला पुलिस ने संगठित मोबाइल चोरी के अंतरराज्यीय गिरोह को नेस्तनाबूद कर एक बड़ी जीत हासिल की है। सरोजिनी नगर थाने की टीम ने एक वयस्क आरोपी को गिरफ्तार किया और एक नाबालिग को हिरासत में लिया। आरोपियों के पास से 13 आईफोन सहित 46 चोरी के मोबाइल बरामद हुए, जिन्हें मालिकों को लौटा दिया गया।
सबसे पहले 27 दिसंबर को सरोजिनी नगर बाजार में चोरी की शिकायत पर ई-एफआईआर दर्ज हुई। सीसीटीवी फुटेज में दो संदिग्ध नजर आए। अगले दिन मुखबिर की सूचना पर एसआई अनूप कुमार और एचसी राजेंद्र ने गेट नंबर-2 से 15 वर्षीय लड़के को पकड़ा।
पूछताछ में नाबालिग ने बाजारों में चोरियां कबूलीं और अभिषेक कुमार उर्फ शुभम को फोन सौंपने की बात बताई। एसएचओ अतुल त्यागी के नेतृत्व में गाजीपुर स्थित ठिकाने पर दबिश दी गई, जहां शुभम गिरफ्तार हुआ और 34 फोन व 23 कवर मिले।
आईएमईआई ट्रैकिंग व सीईआईआर पोर्टल से 12 और फोन बरामद। सत्यापन के बाद सभी 46 फोन मालिकों को सौंपे गए।
आरोपी सर्दियों में भीड़ वाले बाजार चुनते, पॉलीथीन से हाथ छिपाते और जैकेट में फोन ठूंसते। शुभम उन्हें नेपाल-बांग्लादेश भेजने की फिराक में था।
इस कार्रवाई से 10 ई-एफआईआर सुलझीं, जिसमें हौज खास से स्वरूप नगर तक शामिल। बाकी 37 लॉस्ट रिपोर्ट से जुड़े।
दिल्ली पुलिस ने इसे तकनीकी कुशलता का प्रतीक बताया और जनसुरक्षा का भरोसा दिया।