
दिल्ली के शाहदरा जिले में एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने नशे के सौदागरी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। 11 मार्च को गीता कॉलोनी की सफेदा झुग्गी में 19 वर्षीय युवती रूपा को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से 55.52 ग्राम स्मैक बरामद हुआ, जो उसके पैंट की जेब में छिपा था।
विश्वसनीय गुप्त सूचना पर इंस्पेक्टर विनोद कुमार के नेतृत्व में टीम ने छापा मारा। इसमें एसआई धीर सिंह, एएसआई शोकिंदर, हेड कांस्टेबल राजेश, वेदपाल, पंकज, विकास मलिक और कांस्टेबल अर्जुन, दीपक, शिवानी शामिल थे। एसीपी राम शंकर गोटेवाल के पर्यवेक्षण और डीसीपी शाहदरा के निर्देशन में यह अभियान सफल रहा।
तलाशी में पॉलीथीन पैकेट से ड्रग्स मिले, जिन्हें विधिक रूप से जब्त कर लिया गया। गीता कॉलोनी थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 के तहत मुकदमा दर्ज हुआ।
पूछताछ में रूपा ने अपने सप्लायर का नाम उगल दिया। पुलिस अब पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करने हेतु छापेमारी कर रही है। मजदूरी करने वाली यह युवती दो पुराने मामलों वाली अपराधी है, जो आसान कमाई के चक्कर में फंसी।
नशीले पदार्थों के खिलाफ दिल्ली पुलिस की मुहिम जारी है, जो झुग्गी-झोपड़ियों में व्याप्त इस बुराई को जड़ से उखाड़ने पर तुली हुई है।