
नई दिल्ली। दिल्ली की रेखा गुप्ता सरकार ने पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने का फैसला किया है। शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने बताया कि आप और केजरीवाल द्वारा दिल्ली के शिक्षकों को लेकर लगातार भ्रम फैलाया जा रहा है, जिसके खिलाफ अब सख्त कानूनी कार्रवाई होगी।
शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने कहा, ‘दिल्ली सरकार ने यह कदम शिक्षा व्यवस्था पर फैलाई जा रही गलत सूचनाओं और झूठे प्रचार को रोकने के लिए उठाया है। आप द्वारा शिक्षकों के मनोबल को तोड़ने का प्रयास किया जा रहा है, जो बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।’ उन्होंने स्पष्ट किया कि झूठ की राजनीति पर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी और दोषियों को कानून के दायरे में लाया जाएगा।
यह विवाद दिल्ली के सरकारी स्कूलों में शिक्षकों से कथित रूप से आवारा कुत्तों की गिनती कराने के आदेश से जुड़ा है। भाजपा नेताओं ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए आप पर भ्रम फैलाने का इल्जाम लगाया है। मुख्यमंत्री कार्यालय ने भी सोशल मीडिया पर पोस्ट कर साफ कहा कि शिक्षा विभाग ने सिविल लाइन्स थाने में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है।
आप विधायक संजीव झा ने दावा किया कि भाजपा पहले आदेश होने से इंकार कर रही थी, लेकिन अब मान ली है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या स्ट्रीट डॉग वैक्सिनेशन शिक्षकों का काम है? क्या शिक्षा विभाग सही दिशा में चल रहा है? दूसरी ओर, सरकार का कहना है कि यह सुनियोजित साजिश है दिल्ली की बेहतरीन शिक्षा व्यवस्था को बदनाम करने की।
दिल्ली सरकार की यह कार्रवाई राजनीतिक घमासान को और तेज कर सकती है। शिक्षक भर्ती, शिक्षा सुधार और राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप के बीच दिल्ली की शिक्षा व्यवस्था एक बार फिर सुर्खियों में है। क्या यह एफआईआर आप को सबक सिखाएगी या नया विवाद खड़े करेगी, आने वाले दिन बताएंगे।