
नई दिल्ली। होली के त्योहार से पहले दिल्ली सरकार के खाद्य सुरक्षा विभाग ने गुरुवार को मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ जोरदार कार्रवाई की। टीमों ने पनीर, खोया और दालों समेत 66 नमूनों को जब्त किया। स्वास्थ्य मंत्री पंकज कुमार सिंह ने कहा कि रेखा गुप्ता सरकार की पहली प्राथमिकता दिल्लीवासियों का स्वास्थ्य है।
मंत्री ने बताया कि यह अभियान व्यवस्थित नमूनाकरण और मिलावट रोकने पर केंद्रित है। ‘हमारी जीरो टॉलरेंस नीति अटल है। बाजारों, उत्पादन इकाइयों और बॉर्डर पर टीमें सक्रिय हैं, ताकि केवल शुद्ध भोजन जनता तक पहुंचे।’
अधिकारी के अनुसार, 54 निगरानी और 12 कानूनी नमूने लिए गए। इनमें तैयार भोजन (16), मसाले-प्रोटीन (18), अनाज (17), तेल-वसा (11) और डेयरी उत्पाद (4) शामिल हैं। दालों पर विशेष नजर रखी गई। खोया-पनीर मंडियों में दल तैनात हैं।
मंत्री ने निर्देश दिए कि घनी बस्तियों और आवासीय क्षेत्रों में चल रही इकाइयों की गहन जांच हो। उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई होगी। यह प्रयास होली को सुरक्षित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण है। दिल्लीवासी निश्चिंत रहें, सरकार सतर्क है।