
पश्चिम दिल्ली के जनकपुरी में गुरुवार देर रात एक बाइक सवार युवक के 20 फुट गहरे गड्ढे में गिरने से मौत होने के बाद हड़कंप मच गया। दिल्ली सरकार ने फौरन उच्च स्तरीय जांच समिति गठित कर दी है। कैबिनेट मंत्री प्रवेश वर्मा ने स्पष्ट कहा कि नागरिकों की सुरक्षा में कोई कोताही बर्दाश्त नहीं होगी।
मंत्री वर्मा ने एक्स पर पोस्ट कर बताया कि जनकपुरी लाइन पुनर्वास प्रोजेक्ट स्थल पर हुए हादसे की गहन जांच के लिए दिल्ली जल बोर्ड ने समिति बनाई है। समिति को तत्काल साइट का दौरा कर बैरिकेडिंग, साइन बोर्ड, ट्रैफिक प्रबंधन और सुरक्षा मानकों की पड़ताल करने के आदेश हैं। जहां लापरवाही मिलेगी, वहां जिम्मेदारी तय कर सख्त कार्रवाई की सिफारिश होगी। शाम तक पूरी रिपोर्ट मांगी गई है।
गृह व शिक्षा मंत्री आशीष सूद शुक्रवार को घटनास्थल पहुंचे और मृतक के परिजनों से मिले। उन्होंने एक्स पर लिखा कि जोगिंदर सिंह मार्ग पर जल बोर्ड के कार्य के दौरान हुई यह घटना बेहद दुखद है। सीएम रेखा गुप्ता व पूरी सरकार परिवार के साथ है। जांच के आदेश दिए गए हैं, दोषी बख्शे नहीं जाएंगे।
मृतक एक निजी बैंक में कर्मचारी था। यह हादसा राजधानी के निर्माण कार्यों में सुरक्षा की पोल खोलता है। जनता में गुस्सा है, सरकार जवाबदेही का वादा कर रही है। समिति की रिपोर्ट से उम्मीद है कि भविष्य में ऐसी लापरवाही न हो। दिल्ली की सड़कों पर सुरक्षा सुनिश्चित करने की चुनौती अब और बढ़ गई है।