
नई दिल्ली में इतिहास की सैर का शानदार मौका आन पड़ रहा है। दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) सोमवार से महरौली पुरातात्विक पार्क में हेरिटेज वीक की शुरुआत करने जा रहा है। 13 से 18 अप्रैल तक चलने वाला यह सात दिवसीय उत्सव दिल्ली की सांस्कृतिक और स्थापत्य विरासत को युवाओं व आमजन तक पहुंचाने का प्रयास है।
डीडीए ने पहली बार माईगव प्लेटफॉर्म के साथ मिलकर देशव्यापी ऑनलाइन फोटोग्राफी प्रतियोगिता शुरू की है। लोग महरौली की ऐतिहासिक सुंदरता को कैमरे में समेटकर पोर्टल पर अपलोड कर सकते हैं।
भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) के सहयोग से महरौली क्षेत्र में संरक्षण कार्यों पर आधारित प्रदर्शनी लगेगी, जो इन स्थलों को बचाने की कहानियां बयां करेगी। अक्टूबर 2023 में बलबन का मकबरा सहित कई इमारतों का जीर्णोद्धार हुआ था, जहां अब हरियाली ने चार चांद लगा दिए हैं।
15-16 अप्रैल को छात्रों के लिए हेरिटेज वॉक, वाद-विवाद, कहानी लेखन, स्केचिंग व पेंटिंग प्रतियोगिताएं होंगी। डीडीए ने स्कूलों से अधिकतम भागीदारी का आग्रह किया है। 17 अप्रैल को पब्लिक हेरिटेज वॉक से लोग पार्क के ऐतिहासिक नजारों का लुत्फ लेंगे।
18 अप्रैल को पुरस्कार वितरण, कृतियों की प्रदर्शनी और कव्वाली नाइट से समापन होगा। यह सप्ताह दिल्लीवासियों को अपनी विरासत से जोड़ने और नई पीढ़ी को प्रेरित करने का माध्यम बनेगा।

