
पटना। बिहार विधानसभा के बजट सत्र में मंगलवार को कांग्रेस विधायकों ने कानून-व्यवस्था की बिगड़ती स्थिति को लेकर सरकार के खिलाफ तीखा विरोध जताया। सदन शुरू होने से पहले ही विधानमंडल परिसर में जोरदार प्रदर्शन हुआ, जिसमें विधायकों ने सरकार का पुतला थामा और उसकी कमजोरी का प्रतीक चूड़ियां पहनाईं।
चनपटिया से विधायक अभिषेक रंजन के नेतृत्व में प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी की। उन्होंने कहा कि बिहार में कानून का राज खत्म हो चुका है। जहानाबाद की एक बेटी की पटना हॉस्टल में संदिग्ध मौत के बाद भी न्याय नहीं मिला, वहीं दरभंगा में एक मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म कर हत्या कर दी गई।
पुतले पर चस्पा कागजों में हालिया अपराधों का विवरण था। रंजन ने आरोप लगाया कि दुष्कर्म, हत्या व छेड़खानी जैसी वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। सरकार बयानबाजी तक सीमित है, अपराधी समय पर सजा से वंचित हैं, जिससे उनमें कानूनी भय नहीं।
उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से इस्तीफे की मांग की। कांग्रेस का कहना है कि अपराधियों पर सख्ती हो, महिलाओं-बच्चियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। विपक्ष के उठाए मुद्दों पर फाइलें खोलने की बजाय कार्रवाई हो। सोमवार को विधान परिषद में भी इसी मुद्दे पर सीएम व राबड़ी देवी के बीच तीखी बहस हुई थी। सत्र में हंगामे की प्रबल आशंका है।