
भोपाल। मध्य प्रदेश के कैबिनेट मंत्री विश्वास सारंग ने कांग्रेस पर जोरदार प्रहार किया है। उन्होंने कांग्रेस को सनातन धर्म, हिंदू दर्शन, त्योहारों और संतों का विरोधी बताते हुए अब हिजरी कैलेंडर बांटने पर सवाल ठोंका। सारंग ने कहा कि तुष्टिकरण की राजनीति में कांग्रेस किसी भी हद पार कर सकती है।
पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा, “कांग्रेस हमेशा सनातन धर्म, हिंदू त्योहारों और संतों का विरोध करती रही है। हिजरी कैलेंडर बांटकर वे क्या संदेश देना चाहते हैं? बताएं तो कोई एक उदाहरण जब किसी कांग्रेसी नेता ने हिंदू त्योहार पर सकारात्मक सामग्री बांटी हो।”
सारंग ने आरोप जड़ा कि चुनाव के समय जनेऊ धारण कर हिंदू बनने का ढोंग करती है कांग्रेस, लेकिन पीठ पीछे मुस्लिम तुष्टिकरण। भाजपा के हिंदू आयोजनों पर भगवावादी होने का इल्जाम लगाती है, मगर खुद हिजरी कैलेंडर बांटकर मुस्लिम प्रेम का परिचय दे रही है।
राम मंदिर विरोध का भी उन्होंने जिक्र किया। “कांग्रेस राम मंदिर के खिलाफ रही, सुप्रीम कोर्ट में भगवान राम के अस्तित्व को नकारा, वहीं हिजरी कैलेंडर बांट रही। यह साफ अल्पसंख्यक तुष्टिकरण और वोटबैंक की चाल है।”
भाजपा नेता ने कहा कि कांग्रेस की यह दोमुंही नीति जनता के सामने बेनकाब हो चुकी। हिंदू भावनाओं को चोट पहुंचाने में वे पीछे नहीं हटते, लेकिन अल्पसंख्यकों के लिए कुछ भी कर गुजरने को तैयार।
यह बयान नरेला विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस नेता मनोज शुक्ला द्वारा 50 हजार हिजरी कैलेंडर छपवाकर मुस्लिम परिवारों और मस्जिदों में वितरित करने के बाद आया। यहां 28 प्रतिशत मुस्लिम वोटर हैं, जो एक लाख से ज्यादा हैं। कांग्रेस इसे गंगा-जमुनी संस्कृति बता रही, भाजपा कट्टरवाद को बढ़ावा देने वाली राजनीति कह रही।