
मुंबई। महाराष्ट्र के कांग्रेस नेता हुसैन दलवई ने बिहार की सियासत पर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार की बेटे निशांत के जदयू में शामिल होने से साफ है कि बिहार में अब भाजपा का मुख्यमंत्री बनेगा। नीतीश कुमार की राजनीतिक पारी समाप्त हो चुकी है।
आईएएनएस से बातचीत में दलवई ने स्पष्ट कहा कि निशांत की कोई विशेष स्थिति नहीं बचेगी। वे महज डिप्टी सीएम बनकर रह जाएंगे। महाराष्ट्र में भी दो डिप्टी सीएम हैं, लेकिन सत्ता का केंद्र तो मुख्यमंत्री ही होता है। डिप्टी सीएम को कोई खास अधिकार नहीं मिलते।
प. बंगाल की सीएम ममता बनर्जी पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के अपमान के आरोपों पर दलवई बोले, प्रोटोकॉल का उल्लंघन गलत है। लेकिन पूरा संदर्भ देखना जरूरी है।
लोकसभा स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ अविश्वास पर उन्होंने कहा कि स्पीकर को निष्पक्ष रहना चाहिए। बिरला भाजपा के इशारे पर चलते हैं। जदयू व टीडीपी के समर्थन से प्रस्ताव पास हो सकता है।
राहुल गांधी के ‘केरल स्टोरी 2’ वाले बयान का समर्थन करते हुए दलवई ने कहा कि भाजपा काल में विभाजनकारी फिल्में बन रही हैं। पहले ‘मदर इंडिया’ जैसी एकता वाली फिल्में आती थीं।
चुनाव में वोटर लिस्ट से नाम कटवाने पर दलवई ने चेतावनी दी कि यह लोकतंत्र के खिलाफ है। चुनाव आयोग सरकार के वश में आ गया है।
दलवई के बयान बिहार से राष्ट्रीय सियासत तक भूकंप ला सकते हैं।