
नई दिल्ली। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने संसद के संयुक्त अधिवेशन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के संबोधन को अत्यंत प्रेरणादायी करार दिया है। एक्स पर पोस्ट के जरिए उन्होंने इसे विकसित भारत के संकल्प को मजबूत करने वाला मार्गदर्शक बताया।
यह अभिभाषण अंतिम व्यक्ति तक पहुंच, नारी सशक्तिकरण, युवाओं की ऊर्जा और किसानों के उत्थान का सशक्त प्रतीक है। सीएम गुप्ता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की तारीफ करते हुए कहा कि उनकी कुशलता से योजनाओं का सफल क्रियान्वयन, सुशासन और पूर्ण पारदर्शिता ने जनकल्याण को शासन का मूल आधार बना दिया है।
मोदी जी के दृढ़ संकल्प और जनभागीदारी ने इस दिशा को एक विशाल जनआंदोलन का स्वरूप प्रदान कर दिया, जो भारत को प्रगति पथ पर तेज गति से ले जा रहा है। उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी ने भी इसे राष्ट्र को नई ऊर्जा और दिशा देने वाला बताया।
उन्होंने कहा कि अभिभाषण में सुशासन से न्याय सुधार, जनकल्याण से विकसित भारत तक आत्मनिर्भर देश की स्पष्ट रूपरेखा दिखी। मोदी के 11 वर्षों में भारत ने वैश्विक विश्वास, आर्थिक मजबूती हासिल की। हरियाणा के सीएम नायब सैनी ने भी बजट सत्र के इस संबोधन के लिए राष्ट्रपति का धन्यवाद किया।