
मार्च माह में ही देशभर में गर्मी ने तीव्र रूप धारण कर लिया है, लेकिन मौसम विभाग ने अगले 72 घंटों में बड़े बदलाव की भविष्यवाणी की है। दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और चंडीगढ़ में 14 से 16 मार्च तक गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और तेज हवाओं का दौर चलेगा। इससे तापमान में 2-4 डिग्री की कमी आने से लोगों को राहत मिलेगी। दिल्ली में आज अधिकतम 36 डिग्री और न्यूनतम 18 डिग्री का अनुमान है।
जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश व उत्तराखंड में 12 से 17 मार्च तक बारिश-बर्फबारी जारी रहेगी। श्रीनगर में मंगलवार को बारिश हुई, ऊंचाई वाले इलाकों में हिमपात दर्ज किया गया। हिमाचल में ओले गिरने की आशंका है, हवाएं 50 किमी/घंटा तक चलेंगी।
पूर्वोत्तर में अरुणाचल, असम, मेघालय को 12-17 मार्च तक भारी बारिश का अलर्ट, खासकर 13-15 मार्च को असम-मेघालय में। मध्य व पूर्वी भारत के विदर्भ, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, बिहार, झारखंड, बंगाल व ओडिशा में हल्की-मध्यम बारिश संभावित।
गुजरात में भयानक गर्मी जारी, सुरेंद्रनगर-राजकोट में ऑरेंज अलर्ट। दीव में 41.3 डिग्री मार्च रिकॉर्ड। अहमदाबाद, वडोदरा, सूरत 40 डिग्री के करीब। राजस्थान के बाड़मेर में 40.6 डिग्री, लेकिन 14-15 मार्च को पश्चिमी विक्षोभ से राहत मिल सकती है।
