
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मेड इन इंडिया चिप को देश के लिए एक बड़ी उपलब्धि बताया है और इसका श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को दिया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प के अनुरूप, भारत ने तकनीक के क्षेत्र में एक नया इतिहास रचा है। Semicon India 2025 सम्मेलन में देश का पहला स्वदेशी 32-बिट माइक्रोप्रोसेसर ‘विक्रम’ लॉन्च किया गया, जो भारत की तकनीकी आत्मनिर्भरता और नवाचार क्षमता का प्रमाण है। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि विक्रम प्रोसेसर पूरी तरह से स्वदेशी तकनीक पर आधारित है और यह भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के स्पेस लॉन्च व्हीकल्स के लिए विशेष रूप से तैयार किया गया है। इससे भारत की स्पेस टेक्नोलॉजी को मजबूती मिलेगी और वैश्विक स्तर पर तकनीकी श्रेष्ठता स्थापित होगी। उन्होंने इस उपलब्धि को भारत की युवा इंजीनियरिंग प्रतिभा और वैज्ञानिक समुदाय की मेहनत का परिणाम भी बताया। यह स्वदेशी माइक्रोप्रोसेसर भारत को तकनीकी रूप से आत्मनिर्भर और आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।





