
दुर्ग जिले में 21 जुलाई को महादेव घाट घूमने गई चार नाबालिग लड़कियां लापता हो गई थीं। परिजनों ने जब लड़कियों को ढूंढने की कोशिश की, तो उनका कोई पता नहीं चला। जिसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए लड़कियों की तलाश शुरू की। जांच में पता चला कि लड़कियां ट्रेन से मुंबई की ओर गई थीं। पूछताछ में यह भी सामने आया कि लड़कियों की इंस्टाग्राम पर एक युवक से दोस्ती हुई थी, जिसने उन्हें मुंबई में हीरोइन बनने का झांसा दिया था। पुलिस ने नागपुर पुलिस के साथ मिलकर लड़कियों को नागपुर रेलवे स्टेशन से ढूंढ निकाला। लड़कियों को अब दुर्ग लाया जा रहा है और आगे की पूछताछ की जा रही है। पुलिस इस मामले में शामिल युवक और उसके नेटवर्क की जांच कर रही है और अभिभावकों से बच्चों की सोशल मीडिया गतिविधियों पर नजर रखने का आग्रह किया है।