
छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में न्यायिक व्यवस्था को हिला देने वाला मामला सामने आया है, जहाँ गुंडरदेही के न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रशांत कुमार देवांगन को जान से मारने की धमकी दी गई है। एक डाक के माध्यम से भेजे गए पत्र में मजिस्ट्रेट और उनके परिवार को निशाना बनाने की बात कही गई है। खुद को नक्सली संगठन का हिस्सा बताने वाले आरोपी ने 3 करोड़ रुपये की फिरौती की मांग की है। पत्र में मजिस्ट्रेट पर गलत फैसले सुनाने और रिश्वत लेने के गंभीर आरोप भी लगाए गए हैं। इस घटना के बाद मजिस्ट्रेट ने गुंडरदेही थाने में शिकायत दर्ज कराई है, जिसके बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी है और जज की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

