
छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में एक पालतू कुत्ते ने तीन दिनों तक घर से गायब रहने के बाद वापसी पर कहर बरपा दिया। बुधवार को यह कुत्ता अचानक अपने गांव नारागांव और पास के नर्रा गांव में हमलावर हो गया। महज एक घंटे के भीतर, इस कुत्ते ने करीब 12 लोगों को काट लिया। इससे पहले भी इसी कुत्ते ने बोरी गांव के दो लोगों को अपना शिकार बनाया था। सभी घायलों को इलाज के लिए धमतरी जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस घटना के बाद से गांवों में दहशत का माहौल है। कुत्ते के अभी भी पकड़ से बाहर होने के कारण ग्रामीणों में भय बना हुआ है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी धमतरी यू. एल. कौशिक ने लोगों से अपील की है कि कुत्ते के काटने की स्थिति में तुरंत अस्पताल जाकर इलाज कराएं।
