छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर जिले से एक दिल दहला देने वाली खबर आई है, जहां एक महिला की उसके ही पति और बेटी ने पीट-पीटकर हत्या कर दी। मृतका की पहचान दुर्गा चौधरी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, हत्या के पीछे की वजह महिला की शराब पीने की लत थी, जिसे लेकर घर में अक्सर विवाद होता रहता था। पति और बेटी ने कई बार दुर्गा को शराब छोड़ने के लिए समझाया था, लेकिन उसने उनकी बात नहीं मानी।

29 दिसंबर की रात को इसी बात को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि पति और बेटी ने मिलकर दुर्गा की जमकर पिटाई कर दी। मारपीट में महिला को गंभीर चोटें आईं, जिसके बाद उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया। इलाज के दौरान अस्पताल में उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर अंबिकापुर कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज किया और जांच शुरू की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति और बेटी को गिरफ्तार कर लिया है और उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
