
बलौदाबाजार जिले के गिरौदपुरी धाम में रविवार को आयोजित संत समागम एवं गुरुदर्शन मेले में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने हिस्सा लिया। बाबा गुरु घासीदास जी की जन्मभूमि और तपोभूमि पर पहुंचकर उन्होंने पूज्य गुरुगद्दी का दर्शन किया और प्रदेश की समृद्धि के लिए प्रार्थना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबा जी का ‘मनखे-मनखे एक समान’ का संदेश मानवता को जोड़ता है और सद्भाव को मजबूत बनाता है। हमारी सरकार उनके बताए मार्ग पर कदम बढ़ा रही है। गिरौदपुरी के विकास में कोई कसर नहीं छोड़ी गई है। विशाल जैतखाम से लेकर विभिन्न सुविधाओं का विस्तार हो चुका है।
जिला प्रशासन की वेबसाइट और मोबाइल ऐप की तारीफ करते हुए सीएम ने खुद क्यूआर कोड स्कैन कर जानकारी प्राप्त की। उन्होंने मुख्य मंदिर का प्रसाद वितरित किया, जिससे स्थानीय श्रद्धालु और स्वसहायता समूह की महिलाएं गदगद हो गईं।
तीन दिवसीय मेला 22 से 24 फरवरी 2026 तक चलेगा। सतनाम पंथी देश-विदेश से आ रहे हैं। प्रशासन ने सुरक्षा के लिए 1150 पुलिसकर्मी, 60 सीसीटीवी, 9 हेल्थ कैंप, 10 एम्बुलेंस, पानी की 48 टंकी, 550 सफाईकर्मी, शौचालय, स्नानघर आदि की पूरी व्यवस्था की है।
गुरु बालदास साहेब, सांसद कमलेश जांगड़े, विधायक रोहित साहू, कलेक्टर दीपक सोनी समेत बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे। यह आयोजन सरकार की आध्यात्मिक प्रतिबद्धता को दर्शाता है।