
नोएडा और ग्रेटर नोएडा के यात्रियों के लिए खुशखबरी है। केंद्र सरकार ने एनएमआरसी की एक्वा लाइन को बॉटनिकल गार्डन से सेक्टर-142 तक बढ़ाने की योजना को मंजूरी प्रदान कर दी है। 11.56 किलोमीटर लंबे इस ऊपरी कॉरिडोर पर 2,254.35 करोड़ रुपये का खर्च आएगा और चार साल में इसे पूरा करने का लक्ष्य है।
उत्तर प्रदेश कैबिनेट ने डीपीआर को पहले ही हरी झंडी दिखा चुकी थी। अब केंद्र की स्वीकृति से निर्माण का मार्ग प्रशस्त हो गया। इस रूट पर आठ नए स्टेशन बनेंगे- बॉटनिकल गार्डन, सेक्टर-44, नोएडा ऑफिस, सेक्टर-97, सेक्टर-105, सेक्टर-108, सेक्टर-93 और पंचशील बालक इंटर कॉलेज।
बॉटनिकल गार्डन पर डीएमआरसी की ब्लू लाइन से कनेक्शन मिलेगा, जिससे दिल्ली तक सीधी पहुंच आसान हो जाएगी। ट्रैफिक कम होगा, प्रदूषण घटेगा। सेक्टर 44, 93, 105 व 108 जैसे इलाकों को विशेष लाभ मिलेगा। आईटी कर्मचारियों का सफर सरल बनेगा।
रियल एस्टेट को उछाल मिलेगा। साथ ही, ग्रेटर नोएडा डिपो से बोड़ाकी तक 2.6 किमी का छोटा विस्तार (416 करोड़) भी स्वीकृत। जुनपत व बोड़ाकी स्टेशन बनेंगे।
‘विकसित भारत 2047’ के अनुरूप यह कदम शहरी यातायात को मजबूत करेगा, विकास को गति देगा।