
गुवाहाटी में मंगलवार को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने चुनाव आयुक्तों डॉ. सुखबीर सिंह संधू और डॉ. विवेक जोशी के साथ असम की प्रमुख पार्टियों के प्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। 2026 विधानसभा चुनावों की तैयारियों पर फीडबैक लेने वाली यह बैठक आयोग की प्रारंभिक पहल का हिस्सा है।
असम के मुख्य निर्वाचन अधिकारी और ईसीआई के वरिष्ठ अफसरों की मौजूदगी में भाजपा, कांग्रेस, आप, सीपीआई(एम), एआईयूडीएफ, एजीपी, बीपीएफ व यूपीपीएल जैसे दलों ने हिस्सा लिया। अधिकांश ने एक या अधिकतम दो चरणों में चुनाव कराने की मांग उठाई, ताकि मतदाता सहभागिता बढ़े।
बिहू पर्व को ध्यान में रखकर तिथि निर्धारण की अपील की गई। मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण की सराहना हुई और मतदान व्यवस्था, सुरक्षा, कानून-व्यवस्था पर सुझाव दिए गए।
आयोग ने सभी सुझावों पर गंभीरता से विचार का भरोसा दिलाया। संवैधानिक मूल्यों व आचार संहिता के सख्त पालन से स्वतंत्र, निष्पक्ष चुनाव कराने का संकल्प दोहराया। आने वाले हफ्तों में चुनावी कैलेंडर की घोषणा अपेक्षित है।