
नई दिल्ली। सोशल मीडिया पर वायरल एक फर्जी सर्कुलर ने छात्रों और अभिभावकों में भ्रम पैदा कर दिया था। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने साफ कर दिया है कि मध्य पूर्व के देशों में कक्षा 10 और 12 की बोर्ड परीक्षाएं रद्द नहीं हुई हैं, बल्कि कुछ परीक्षाओं को स्थगित किया गया है। ईरान-इजरायल संघर्ष के कारण उठे सुरक्षा खतरे को देखते हुए यह कदम उठाया गया।
फर्जी नोटिस में दावा किया गया था कि वैश्विक परिस्थितियों के चलते भाषा परीक्षाएं और 7 मार्च की सामाजिक विज्ञान परीक्षा रद्द हैं। छात्रों को प्री-बोर्ड और आंतरिक मूल्यांकन के आधार पर अंक देने की बात कही गई। बोर्ड ने इसे पूरी तरह भ्रामक बताते हुए आधिकारिक वेबसाइट से जानकारी लेने की सलाह दी।
17 फरवरी से शुरू हुई परीक्षाओं में भारत समेत 26 देशों के 43 लाख से अधिक छात्र शामिल हैं। मध्य पूर्व में भी परीक्षाएं सुचारू चलीं। पहले दिन 10वीं गणित और 12वीं बायोटेक्नोलॉजी के पेपर हुए।
2 मार्च की परीक्षाएं बहरीन, ईरान, कुवैत, ओमान, कतर, सऊदी अरब और यूएई में स्थगित। परीक्षा नियंत्रक डॉ. संयम भारद्वाज ने कहा, 3 मार्च को स्थिति की समीक्षा होगी। 5 मार्च से आगे की परीक्षाओं पर फैसला बाद में। भारतीय दूतावासों को सूचना दे दी गई है।
विद्यालयों को फर्जी खबर का खंडन करने को कहा गया। अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ साइबर कानून के तहत कार्रवाई की चेतावनी। बोर्ड छात्र कल्याण को प्राथमिकता दे रहा है।