
नई दिल्ली। केंद्र सरकार की कैबिनेट ने साउथ ब्लॉक में अपनी अंतिम बैठक में सड़क और रेलवे क्षेत्र के 1,60,504 करोड़ रुपये के महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट्स को हरी झंडी दे दी। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शनिवार को इसकी जानकारी दी। अब कैबिनेट की बैठकें सेवा तीर्थ कॉम्प्लेक्स में होंगी, जिसका उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया है।
इस नए परिसर में पीएमओ, राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद सचिवालय और कैबिनेट सचिवालय समाहित हैं। साउथ ब्लॉक की आखिरी बैठक में कैबिनेट ने रेलवे, राजमार्ग, मेट्रो, शहरी विकास और स्टार्टअप फंडिंग पर कई बड़े फैसले लिए।
शहरी विकास को नई दिशा देने के लिए 1 लाख करोड़ रुपये का अर्बन चैलेंज फंड शुरू किया गया। इसमें केंद्र 25 प्रतिशत सहायता देगा, बशर्ते 50 प्रतिशत फंड बाजार से आए।
तीन मल्टी-ट्रैकिंग रेल परियोजनाओं को 18,509 करोड़ रुपये की मंजूरी मिली, जो दिल्ली, हरियाणा, महाराष्ट्र और कर्नाटक के 12 जिलों में 389 किलोमीटर नेटवर्क बढ़ाएंगी।
स्टार्टअप इंडिया फंड ऑफ फंड्स 2.0 के लिए 10,000 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया, जो घरेलू पूंजी को मजबूत करेगा। महाराष्ट्र में एनएच-160ए के 154.6 किमी खंड का उन्नयन 3,320 करोड़ में, तेलंगाना में एनएच-167 का चौड़ीकरण 3,175 करोड़ में और गुजरात में एनएच-56 के दो खंडों का विस्तार 4,584 करोड़ में मंजूर।
ये परियोजनाएं माल ढुलाई को तेज करेंगी, लॉजिस्टिक्स लागत घटाएंगी और आर्थिक विकास को गति देंगी। भारत का इंफ्रास्ट्रक्चर अब नई ऊंचाइयों को छूने को तैयार है।
