
मुंबई: वर्सोवा में एक प्रमुख बिल्डर को अंडरवर्ल्ड की खौफनाक धमकी मिली है। मेहुल मेहता की कार में कारतूस के साथ एक लिफाफा मिला, जिसमें छोटा शकील के नाम से हस्ताक्षरित नोट था। नोट में चेतावनी दी गई थी- सुधर जा मेहता, आज ये बाहर है, कल तेरे सीने में होगा।
यह घटना 6 मार्च को अंधेरी वेस्ट के वर्सोवा मेट्रो स्टेशन के पास हुई। मेहता अपनी कंस्ट्रक्शन साइट पर पहुंचे थे। बॉडीगार्ड और ड्राइवर ने कार की पिछली नंबर प्लेट के पास संदिग्ध पैकेट देखा। खोलने पर लिफाफे में हाथ से लिखा धमकी पत्र और कारतूस मिला।
मेहता ने फौरन वर्सोवा पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने गवाहों के समक्ष पंचनामा किया और सबूत जब्त कर लिए। अज्ञात आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई। मुंबई क्राइम ब्रांच की एंटी-एक्सटॉर्शन सेल ने जांच संभाल ली है।
आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। सूत्र बताते हैं कि मेहता को पहले भी ऐसी धमकियां मिली हैं, जो बीकेसी रिडेवलपमेंट प्रोजेक्ट से जुड़ी हो सकती हैं। बॉम्बे हाईकोर्ट ने हाल ही में उनकी सुरक्षा बहाल करने का आदेश दिया।
मुंबई में बिल्डरों को लक्षित एक्सटॉर्शन के बढ़ते मामले चिंता का विषय हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी पकड़े जाएंगे और अपराधियों के नेटवर्क का पर्दाफाश होगा।