
उत्तराखंड के रामनगर और नैनीताल में स्थित न्यायालयों को सोमवार सुबह बम से उड़ाने की भयानक धमकी मिलने से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। ‘ऑल इंडिया जजेस एसोसिएशन’ के नाम से भेजे गए ईमेल में दावा किया गया कि जजों के चैंबरों में 12 आरडीएक्स बम और आईईडी धमाके करने वाले उपकरण लगाए गए हैं।
नैनीताल जिला जज सहित जिले के अन्य न्यायालयों तक यह धमकी पहुंची। ईमेल में तत्काल परिसर खाली करने की सख्त चेतावनी दी गई थी। इसमें तमिलनाडु में ईडब्ल्यूएस आरक्षण रोकने की मांग भी दर्ज थी। सूचना पाते ही पुलिस और जिला प्रशासन सक्रिय हो गया।
रामनगर, नैनीताल व हल्द्वानी के न्यायालयों पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया। सभी परिसर खाली करा लिए गए और आम जनता का प्रवेश पूरी तरह बंद कर दिया।
मौके पर पहुंची पुलिस, डॉग स्क्वॉड और बम डिस्पोजल स्क्वॉयाड ने कोर्ट रूम, चैंबर, वकील कक्षों समेत हर स्थान की बारीकी से छानबीन की। देर शाम तक कोई संदिग्ध चीज नहीं मिली, लेकिन सतर्कता बरती जा रही है।
धमकी के कारण अदालती कार्य पूरी तरह ठप हो गया। वकील, कर्मचारी व पीड़ित पक्ष को बाहर रखा गया। पूरे इलाके को घेर लिया गया है।
वरिष्ठ वकील हिमांशु अग्रवाल ने कहा कि सुरक्षा के मद्देनजर ये कदम जरूरी थे। साइबर विशेषज्ञ ईमेल ट्रेस कर रहे हैं। प्रशासन ने सुरक्षा का पूरा इंतजाम होने का भरोसा दिलाया है। पुलिस ने जल्द गिरफ्तारी का वादा किया है।