
अहमदाबाद। भाजपा नेता रोहन गुप्ता ने कांग्रेस पर जोरदार हमला बोला है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को भारत की अंतरराष्ट्रीय साख से कोई मतलब नहीं। पार्टी सिर्फ अपनी राजनीति चमकाने के चक्कर में लगी है, चाहे इसके लिए देश की इज्जत ही क्यों न दांव पर लग जाए।
आईएएनएस से विशेष बातचीत में गुप्ता ने एआई समिट के दौरान यूथ कांग्रेस के हंगामे का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता इस प्रदर्शन को जायज ठहरा रहे हैं, जो बेहद निंदनीय है। कॉमनवेल्थ गेम्स में तो विरोध स्टेडियम के बाहर ही हुआ था, लेकिन यहां तो अंदर घुसकर तूफान मचाया गया। जनता ऐसी नकारात्मक राजनीति को कभी बर्दाश्त नहीं करेगी।
महात्मा गांधी का नाम लेकर ये लोग देशहित की बात करते हैं, लेकिन व्यवहार उल्टा है। तमिलनाडु के डिप्टी सीएम उदयनिधि स्टालिन द्वारा पीएम मोदी पर की गई व्यक्तिगत टिप्पणी पर गुप्ता ने कहा कि विपक्षी नेता अक्सर ऐसा करते हैं। बिहार चुनावों में भी यही हुआ था, लेकिन जनता ने मुंहतोड़ जवाब दिया।
पीएम मोदी के बयान का समर्थन करते हुए गुप्ता ने कहा कि कांग्रेस हार की वजह से हाशिए पर खिसक गई है। वोट चोरी के आरोप झूठे साबित हुए। हर राज्य में शिकस्त खा रही है। जनता के मुद्दों से कट चुकी कांग्रेस अब देश की अस्मिता पर प्रहार कर रही है, लेकिन यह विफल प्रयास है।
देशवासियों की मेहनत और भारत की उभरती छवि को कोई खतरा नहीं पहुंचा सकेगा। जनता सब समझती है और सही समय पर करारा जवाब देगी।