
कोलकाता। पश्चिम बंगाल से राज्यसभा चुनाव के लिए भाजपा अपना एकमात्र उम्मीदवार मार्च के पहले सप्ताह तक घोषित कर सकती है। अप्रैल अंत तक राज्य से पांच सीटें खाली हो रही हैं, जिनमें से तृणमूल कांग्रेस अपनी विधानसभा की ताकत से चार आसानी से जीत लेगी, जबकि भाजपा एक सीट पर कब्जा जमाने की स्थिति में है।
पार्टी के आंतरिक स्रोतों के अनुसार, इस महत्वपूर्ण पद के लिए तीन नामों पर विचार चल रहा है। पहले स्थान पर मेगास्टार मिथुन चक्रवर्ती का नाम है, दूसरे पर पूर्व सांसद और अभिनेत्री लॉकेट चटर्जी। तीसरा दावेदार दक्षिण दिनाजपुर के बालुरघाट से विधायक तथा पूर्व आर्थिक सलाहकार डॉ. अशोक लाहिड़ी हैं।
इधर, भाजपा नेता दिलीप घोष ने ममता बनर्जी सरकार पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि बंगाल में कई घोटाले सामने हैं और राष्ट्र-विरोधी गतिविधियों के मामले भी एनआईए के दायरे में हैं। ईडी की छापेमारी के दौरान ममता का आईपैक कार्यालय पहुंचना संदेहास्पद है।
‘भ्रष्टाचार के कई केस हैं, कोर्ट में जल्द सुनवाई होनी चाहिए। ममता ने सच्चाई छिपाने की कोशिश की, जो बड़े घोटाले का संकेत देता है। जनता सरकार के खराब शासन से त्रस्त है और जवाब देने को तैयार है।’
राज्यसभा चुनाव की तैयारी के बीच ये राजनीतिक बयानबाजी बंगाल की सियासत को और गरमा रही है। भाजपा का उम्मीदवार चयन तृणमूल के लिए चुनौती बन सकता है।