
चंडीगढ़। हरियाणा के मंत्री गौरव गौतम ने पश्चिम बंगाल की सियासत पर बड़ा दावा किया है। उनका कहना है कि आने वाले चुनावों में भाजपा पूर्ण बहुमत हासिल कर सरकार बनाएगी और तृणमूल कांग्रेस की सुप्रीमो ममता बनर्जी को सत्ता से विदा होना पड़ेगा।
आईएएनएस से विशेष बातचीत में गौरव गौतम ने कहा कि ममता बनर्जी अब तिलमिला रही हैं। उन्हें सत्ता जाते हुए साफ नजर आ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि ममता हिंसा के बल पर बंगाल को चलाना चाहती हैं, जो कभी संभव नहीं। जनता इसका मुंहतोड़ जवाब देगी और नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा की सरकार बनेगी।
हरियाणा के खेल मंत्री ने 2 मार्च को पेश होने वाले राज्य बजट पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने केंद्रीय बजट की तारीफ की, जिसमें खेल क्षेत्र के लिए 33 प्रतिशत से अधिक बढ़ोतरी हुई है। युवाओं के स्टार्टअप, एआई और एमएसएमई जैसे क्षेत्रों को मजबूत बढ़ावा मिला है। हरियाणा का बजट भी इसी दिशा में ऐतिहासिक होगा, जिसमें स्टेडियमों का उन्नयन, समय पर नकद पुरस्कार और उपकरण उपलब्ध कराना सुनिश्चित होगा।
विपक्ष पर चुटकी लेते हुए गौरव गौतम ने कहा कि ये लोग मीडिया में बने रहने के लिए हंगामा मचाते हैं। हरियाणा के हितों की अनदेखी कर वे बस शोर मचाने में लगे रहते हैं।
आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत के तीन संतान वाले बयान पर गौरव गौतम ने सहमति जताई। उन्होंने कहा कि यह बयान सही दिशा में है।
बंगाल में भाजपा का यह दावा सियासी हलकों में चर्चा का विषय बन गया है। विकास और शांति के मुद्दे पर भाजपा ने कमर कस ली है।