
कोलकाता। पश्चिम बंगाल में बदलाव की बुलंद आवाज बुलंद करने को भाजपा ने अपनी ऐतिहासिक ‘परिवर्तन यात्रा’ की तैयारी कर ली है। नौ संभागों से एक साथ शुरू होने वाली यह यात्रा 230 से अधिक विधानसभा क्षेत्रों को छूते हुए भ्रष्टाचार, अराजकता और बेरोजगारी जैसे मुद्दों को घर-घर पहुंचाएगी। सिलीगुड़ी से प्रारंभ होकर कूच बिहार, अलीपुरद्वार, जलपाईगुड़ी, दार्जिलिंग होते हुए यह उत्तर बंगाल को आच्छादित करेगी। इसके बाद नवद्वीप, उत्तर व दक्षिण 24 परगना, हावड़ा-हुगली, मेदिनीपुर, पुरुलिया व बर्धमान तक यात्रा का विस्तार होगा।
एक-दो मार्च को विभिन्न संभागों में विशाल जनसभाओं से यात्रा का शुभारंभ होगा। मुख्य कार्यक्रम पांच से दस मार्च तक चलेगा, जिसमें प्रतिदिन औसतन 100 किलोमीटर की दूरी तय होगी। हर यात्रा में एक मुख्य झांकी, आठ प्रचार वाहन व बाइक रैली शामिल रहेगी। कुल 5,000 किलोमीटर की इस यात्रा से एक करोड़ से ज्यादा लोगों तक पहुंच का लक्ष्य है।
प्रति दिन 10 स्वागत सभाएं व एक बड़ी जनसभा आयोजित होंगी, कुल 64 विशाल सभाएं व 280 से अधिक छोटी सभाएं प्रस्तावित हैं। जिला स्तर पर आगे बढ़ने वाली यह यात्रा में राज्य व राष्ट्रीय नेता शामिल होंगे। बंगाल की समृद्ध संस्कृति को भी प्रदर्शित किया जाएगा, ताकि यह उत्सव का रूप ले ले।
भाजपा का कहना है कि 8 लाख करोड़ के कर्ज तले दबी अर्थव्यवस्था को लूट, वसूली व सिंडिकेट से मुक्त करने हेतु यह यात्रा आम बंगाली की पुकार बनेगी। चुनावी हिंसा, हत्याएं, विस्थापन व आरजी कर-संदेशखाली कांडों का जिक्र कर सरकार पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। ‘पाल्टानो दोरकार, चाइ भाजपा सोरकार’ का नारा गूंजेगा।