
सिलीगुड़ी में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर जोरदार प्रहार किया। उन्होंने कहा कि ममता सरकार ने बंगाल को बांग्लादेशियों के लिए घुसपैठ का प्रवेश द्वार बना दिया है, जिससे देश के जनसांख्यिकीय संतुलन को खतरा पैदा हो गया है। 2 मार्च को व्यापारिक हस्तियों से मुखातिब होते हुए नितिन नवीन ने राज्य की आर्थिक बदहाली पर भी रोशनी डाली।
बंगाल कभी भारत की अर्थव्यवस्था में 10 प्रतिशत का योगदान देता था, जो अब घटकर महज 5 प्रतिशत रह गया है। राज्य सरकार की उदासीनता इसके लिए जिम्मेदार है। उन्होंने आरोप लगाया कि ममता शासन में बंगाल भ्रष्टाचार और हिंसा का अड्डा बन चुका है।
स्थानीय लोग पलायन को मजबूर हैं, जबकि बांग्लादेशी घुसपैठियों को बसाया जा रहा है। वोटर लिस्ट से 50 लाख से अधिक नाम कटे हैं, जो इस साजिश को उजागर करता है। नितिन नवीन ने बंगालवासियों से अपील की, ‘यह चुनाव सिर्फ बंगाल के लिए नहीं, पूरे देश की सुरक्षा के लिए है।’
भारत में रहने वाले हिंदू, मुस्लिम, सिख, ईसाई सबको हक मिलेगा, लेकिन घुसपैठियों को नहीं। उन्होंने ममता पर तंज कसा कि वे दिल्ली जाकर इन घुसपैठियों का वकालत कर रही हैं। मोदी जी के नेतृत्व में गरीबों के उत्थान के प्रयास जारी हैं, लेकिन घुसपैठ बर्दाश्त नहीं होगी।