
खेल जगत में बिहार एक और नया अध्याय लिखने जा रहा है। सेपकटेकरा के बाद अब रग्बी का भी नाम बिहार के साथ जुड़ने जा रहा है। बिहार अब सिर्फ कहने के लिए ही एशिया टॉप पर नहीं है, बल्कि यहां एशिया के शीर्ष रग्बी देश आ रहे हैं। यह सब बिहार के ऐतिहासिक शहर राजगीर में होने जा रहा है। 9 और 10 अगस्त को यहां एशिया रग्बी अंडर-20 सेवेन्स चैंपियनशिप 2025 का आयोजन होगा। इस भव्य टूर्नामेंट में 8 पुरुष और 8 महिला टीमें भाग लेंगी, जिनमें भारत, हांगकांग, चीन, यूएई, उज्बेकिस्तान, कजाकिस्तान, श्रीलंका, मलेशिया (केवल पुरुष) और नेपाल (केवल महिला) जैसे एशियाई रग्बी दिग्गज शामिल होंगे। पूर्व रग्बी खिलाड़ी और अभिनेता राहुल बोस ने इस आयोजन पर खुशी व्यक्त की है। 7 अगस्त से टीमें राजगीर पहुंचना शुरू हो जाएंगी और 8 अगस्त को उद्घाटन समारोह होगा। यह चैंपियनशिप एशिया की शीर्ष 8 रैंकिंग वाली टीमों के बीच होगी, जिससे बिहार न केवल अपनी खेल क्षमता का प्रदर्शन करेगा, बल्कि आतिथ्य का भी उदाहरण देगा। बिहार के लिए यह आयोजन इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि रग्बी यहां 14 प्राथमिकता वाले खेलों में से एक है, और हाल ही में राज्य की महिला टीम ने राष्ट्रीय खेलों में रजत पदक जीता था।