
बिहार की राजधानी पटना में छात्राओं की संदिग्ध मौतों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा। गुरुवार सुबह फुलवारी शरीफ की एक 12वीं की छात्रा घर से कोचिंग के लिए निकली, लेकिन कोचिंग पहुंचे बिना ही उसकी लाश एम्स गोलंबर के पास हरी नगर कॉलोनी में मिल गई। स्थानीय लोगों ने शव देखते ही पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल को सील कर दिया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। उनका आरोप है कि छात्रा की पहले हत्या कर दी गई, फिर सबूत मिटाने के लिए किसी इमारत से फेंक दिया गया। परिवार वाले पूरी तरह टूट चुके हैं और न्याय की मांग कर रहे हैं।
पुलिस ने जांच तेज कर दी है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज की छानबीन हो रही है। कोचिंग संचालक, सहपाठी और आसपास के लोगों से पूछताछ चल रही है। एफएसएल टीम ने भी मौके का मुआयना किया।
याद रहे, हाल ही में एक नीट छात्रा की मौत का मामला सीबीआई को सौंपा गया है। उस केस में भी परिजनों ने एसआईटी पर दबाव बनाने का आरोप लगाया था। पटना में कोचिंग छात्राओं की सुरक्षा को लेकर अब सवाल उठने लगे हैं। अभिभावक बेहद चिंतित हैं और सख्त कदम उठाने की मांग कर रहे हैं। देखना होगा कि इस मामले में पुलिस क्या खुलासा करती है।