
पटना के चाणक्य नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी (सीएनएलयू) में एक एलएलएम फाइनल ईयर छात्र मयंक राज का शव हॉस्टल के कमरे में फंदे से लटका हुआ मिलने से सनसनी फैल गई है। झारखंड के रांची निवासी मयंक की संदिग्ध मौत ने पूरे कैंपस को हिलाकर रख दिया है।
हॉस्टल स्टाफ ने शव को देखते ही उसे फंदे से उतारा और निजी अस्पताल ले गया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। जक्कनपुर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। एफएसएल टीम ने भी कमरे की कड़ी छानबीन की।
कमरे से आईफोन, आईपैड, पहचान पत्र और एक चिट्ठी बरामद हुई है। चिट्ठी में प्रेम प्रसंग का उल्लेख होने की बात कही जा रही है। सूत्र बताते हैं कि छात्र रिश्ते को लेकर मानसिक तनाव में था। सभी सामान फोरेंसिक जांच के लिए भेजे गए हैं।
घटना की खबर लगते ही परिजन पटना पहुंचे। उन्होंने कहा कि उनका बेटा कभी आत्महत्या नहीं कर सकता। परिवार ने मामले की गहन जांच की मांग की है। अभी किसी पर सीधा आरोप नहीं लगाया गया।
पुलिस कॉल डिटेल, चैट हिस्ट्री और अन्य सबूतों की पड़ताल कर रही है। सभी पहलुओं पर जांच चल रही है ताकि सच्चाई सामने आ सके। सीएनएलयू प्रबंधन ने भी शोक व्यक्त किया है। यह घटना छात्रों की मानसिक स्वास्थ्य पर सवाल उठाती है।