
बिहार की राजधानी पटना सेर दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। गोपालपुर थाना क्षेत्र के शाहपुर गांव में रविवार रात एक शादी समारोह के दौरान दो सगे भाइयों की गोली मारकर निर्मम हत्या कर दी गई। मनीष कुमार और मनजीत कुमार पर ताबड़तोड़ फायरिंग करते हुए अपराधियों ने करीब 20 राउंड गोली चलाई। इस सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके को दहशत में डाल दिया है।
दोनों भाई राजकिशोर राय के पुत्र थे और प्रॉपर्टी डीलिंग का कारोबार करते थे। रिसेप्शन पार्टी दौलत राम के बेटे विक्की की थी, जिसमें ये भाई खाने के बाद बाहर निकल रहे थे। तभी घात लगाए बैठे हमलावरों ने अचानक गोलीबारी शुरू कर दी। मनीष ने मौके पर दम तोड़ दिया, जबकि मनजीत को अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही मौत हो गई।
पार्टी के दौरान ही दोनों भाइयों और आरोपियों के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था। लेकिन असली कारण 40 साल पुराना जमीन विवाद लगता है। छह एकड़ भूमि को लेकर पटीदारों से लंबी लड़ाई चली, और पांच माह पहले अदालत ने मनीष के परिवार के हक में फैसला दिया था। इसी गुस्से में कृष्ण, प्रेम और उनके परिजनों ने कथित तौर पर हत्या की साजिश रची।
घटना की सूचना मिलते ही सिटी एसपी ईस्ट परिचय कुमार और सदर एएसपी वन अभिनव मौके पर पहुंचे। एफएसएल टीम ने साक्ष्य संग्रह किया, जबकि तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए अतिरिक्त फोर्स तैनात की गई। पुलिस पूरी साजिश का पर्दाफाश करने में लगी है, और ग्रामीण न्याय की मांग कर रहे हैं।