
पटना के राजनीतिक गलियारों में लंबे समय से चली आ रही अटकलों पर विराम लग गया। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार ने रविवार को जनता दल यूनाइटेड की सदस्यता ग्रहण कर अपनी राजनीतिक यात्रा का आगाज किया। प्रदेश जदूयू कार्यालय में आयोजित भव्य समारोह में निशांत का स्वागत किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए।
पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव संजय झा ने निशांत को औपचारिक रूप से पार्टी में शामिल किया। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री ललन सिंह, प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा, मंत्री श्रवण कुमार व लेसी सिंह समेत कई प्रमुख चेहरे मौजूद रहे। कर्पूरी सभागार सैकड़ों समर्थकों की मौजूदगी से गूंज उठा।
अपने प्रथम राजनीतिक भाषण में निशांत ने भावुक होकर कहा कि सभी का आभार। आपका विश्वास मेरे लिए प्रेरणा है। मैं सक्रिय सदस्य बनकर संगठन को मजबूत बनाने का प्रयास करूंगा। पिताजी का राज्यसभा जाने का निर्णय उनका निजी फैसला है, जिसका मैं सम्मान करता हूं। उनके मार्गदर्शन में हम सब कार्य करेंगे।
निशांत ने पिता नीतीश कुमार के दो दशकों के कार्यकाल की भूरि-भूरि प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि पिताजी ने जो 20 वर्षों में किया, उस पर न केवल मुझे बल्कि पूरे बिहार व देश को गर्व है। ये उपलब्धियां अमर रहेंगी। मैं इन्हें जन-जन तक पहुंचाने का काम करूंगा।
उन्होंने कार्यकर्ताओं व जनता से अपील की कि पिताजी पर विश्वास बनाए रखें और मनोबल ऊंचा रखें। प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने निशांत की सदस्यता को पार्टी के लिए सौभाग्यपूर्ण बताया। आगामी चुनावों को देखते हुए यह कदम जदूयू के लिए रणनीतिक महत्व रखता है। निशांत की युवा ऊर्जा पार्टी को नई दिशा दे सकती है।